टिहरी गढ़वाल। जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल के सहयोग से NDRF की टीम द्वारा FAMEX कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड चंबा के राजकीय इंटर कॉलेज नकोट में मंगलवार को स्कूल सेफ्टी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में लगभग 154 छात्र-छात्राओं, अध्यापक-अध्यापिकाओं तथा कार्मिकों ने प्रतिभाग किया।कार्यक्रम के दौरान NDRF टीम ने प्रतिभागियों को आपदाओं से बचाव, प्राथमिक उपचार, स्टेचर के इंप्रोवाइजेशन के तरीके तथा खोज एवं बचाव कार्यों में प्रयोग होने वाले उपकरणों की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही टीम द्वारा फायर रेस्क्यू का डेमो प्रस्तुत किया गया तथा स्वयंसेवी अध्यापक-अध्यापिकाओं और छात्र-छात्राओं को व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। भूकंप आने की स्थिति में सुरक्षित रहने के उपायों का मॉक ड्रिल भी आयोजित किया गया।
टीम लीडर ने बताया कि कमांडेंट संतोष कुमार, 15वीं बटालियन NDRF के निर्देशन में पूरे उत्तराखंड में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में टिहरी जनपद में 20 अप्रैल से 5 मई 2026 तक लगभग 13 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 21 से 27 अप्रैल तक घनसाली तहसील में कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद 28 अप्रैल से 5 मई तक विकासखंड चंबा और थौलधार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में सब इंस्पेक्टर संतोष प्रसाद पुरोहित (15 NDRF) तथा जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी ने आपदा प्रबंधन विभाग की जानकारी देते हुए आपातकालीन टोल-फ्री नंबरों के बारे में भी बताया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आशय कुमार ने आपदाओं से बचाव में पूर्व तैयारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों को CPR सीखने के लिए प्रेरित किया।




