प्रवासी पंचायत-2026 का पहली बार टिहरी में आयोजन

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल । ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग, उत्तराखण्ड के तत्वाधान में प्रवासियों के अनुभवों एवं बहुमूल्य सुझावों के आदान-प्रदान हेतु “प्रवासी पंचायत-2026” का आयोजन नई टिहरी स्थित विकास भवन के समीप खेल भवन के सभागार में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रवासियों ने प्रतिभाग कर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उपाध्यक्ष, पलायन निवारण आयोग, शरद सिंह नेगी ने उत्तराखण्ड सरकार द्वारा पलायन रोकथाम एवं रिवर्स पलायन के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पहाड़ों से हो रहे पलायन को रोकना तथा युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं अवसर उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर सदस्य सचिव, ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग भरत चन्द्र भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखण्ड के लगभग प्रत्येक पहाड़ी जनपद से पलायन हुआ है, जिसे रोकने के लिए सरकार द्वारा ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार, कृषि, पर्यटन एवं लघु उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि जो लोग सफलता प्राप्त कर बाहर गए हैं, उनका रिवर्स पलायन में स्वागत है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग मजबूरीवश पलायन करते हैं, उन्हें सरकार की योजनाओं से जोड़ना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है, ताकि वे अपने क्षेत्र में ही आजीविका प्राप्त कर सकें।

बैठक के दौरान विभिन्न प्रवासियों ने अपने अनुभव, सुझाव एवं समस्याएं साझा कीं, जिन पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रवासियों ने स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष बल दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य प्रवासियों के अनुभवों को नीति निर्माण में शामिल करना तथा पलायन की समस्या के समाधान हेतु प्रभावी रणनीति तैयार करना रहा।
कार्यक्रम में पलायन निवारण आयोग के सदस्य राम प्रकाश पैन्यूली, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, विभिन्न विकास खण्डों के खण्ड विकास अधिकारी तथा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रवासी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!