मानव-वन्यजीव संघर्ष पर सख्ती: गुलदार को पकड़ने के साथ नष्ट करने के आदेश

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम, वन-राजस्व टीमें तैनात

पौड़ी 04 अप्रैल 2026। विकासखंड पोखड़ा क्षेत्र में बढ़ती मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने सख्त और त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। जनसुरक्षा, विशेष रूप से स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक ने क्षेत्र में सक्रिय गुलदार को पकड़ने के साथ आवश्यक होने पर उसे नष्ट करने की अनुमति प्रदान कर दी है।
डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि क्षेत्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्चाधिकारियों से अनुमति मांगी गई थी, जिस पर वन संरक्षक, गढ़वाल वृत्त की संस्तुति के बाद कार्रवाई की मंजूरी मिली। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 (संशोधित 2022) की धारा 11(1)(क) के तहत गुलदार को पिंजरे में कैद करने या ट्रैंक्युलाईज कर पकड़ने के निर्देश दिए गए हैं। यदि सभी प्रयास विफल रहते हैं, तो अंतिम विकल्प के रूप में उसे नष्ट करने की अनुमति भी दी गई है।
डीएफओ ने स्पष्ट किया कि यह आदेश केवल चिन्हित गुलदार पर ही लागू होगा और एक माह तक प्रभावी रहेगा। निगरानी के लिए क्षेत्र में तीन पिंजरे और 20 ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा दो लाइसेंसधारी शिकारियों की तैनाती के साथ ड्रोन और अन्य आधुनिक तकनीकों का भी उपयोग किया जा रहा है।
जन-जागरूकता को बढ़ाने के लिए वन विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि ग्रामीण सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना दे सकें।
बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता
प्रभावित क्षेत्र में 6 अप्रैल तक विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। इसके बाद विद्यालय खुलने पर वन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें बच्चों को घर से स्कूल और वापस सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाएंगी।
ग्रामीणों के लिए विशेष व्यवस्था
ग्रामीणों को राहत देने के लिए वन विभाग द्वारा पालतू मवेशियों के लिए चारा-पत्ती की व्यवस्था भी की जा रही है। ये सभी व्यवस्थाएं तब तक जारी रहेंगी, जब तक गुलदार को पकड़ा या नष्ट कर क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल नहीं हो जाती।
जिला प्रशासन और वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे सतर्क रहें, बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!