टिहरी गढ़वाल, 30 मई। जनपद में भ्रूण लिंग जांच एवं पीसीपीएनडीटी अधिनियम के उल्लंघन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार सख्त कदम उठा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पीसीपीएनडीटी समिति टिहरी गढ़वाल ने घनसाली क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाते हुए चमयाला रोड स्थित उत्तराखंड डायग्नोस्टिक अल्ट्रासाउंड केंद्र की अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया।
समिति द्वारा केंद्र संचालक के विरुद्ध नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत निर्धारित नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले संस्थानों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इससे पूर्व भी घनसाली बाजार स्थित स्मृति नर्सिंग होम एवं श्रीराम डायग्नोस्टिक सेंटर के अल्ट्रासाउंड लाइसेंस निरस्त किए जा चुके हैं। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध गतिविधियों में संलिप्त केंद्रों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
औचक निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्य तहसीलदार घनसाली हरीश जोशी, एसीएमओ डॉ. चन्दन मिश्रा, स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. पूरवी भट्ट तथा जिला समन्वयक तनुजा रावत मौजूद रहे।
पीसीपीएनडीटी समिति ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या और अवैध लिंग जांच जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जनपद भर में निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पीसीपीएनडीटी समिति की बड़ी कार्रवाई, घनसाली में अल्ट्रासाउंड मशीन सील

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



