टिहरी गढ़वाल 17 मई। टिहरी गढ़वाल में युवाओं को जागरूक और समाज को सुरक्षित बनाने की दिशा में पुलिस विभाग द्वारा एक सराहनीय पहल की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के नेतृत्व में जनपदभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं को नशे, साइबर अपराध और महिला व बाल अपराधों के प्रति सजग बनाना है।
इसी क्रम में दिनांक 16 मई 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी चम्बा के पर्यवेक्षण में कोतवाली चम्बा और थाना कैम्पटी क्षेत्र में विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।कोतवाली चम्बा पुलिस द्वारा कार्मल स्कूल चम्बा में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही शराब पीकर वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन केवल कानून का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का आधार है।
वहीं थाना कैम्पटी क्षेत्र के अंतर्गत चौकी नैनबाग पुलिस ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नई टिहरी की टीम के साथ सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नैनबाग में संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किया। यहां छात्रों को नशा उन्मूलन अभियान के तहत नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रमों में साइबर अपराधों पर विशेष जोर देते हुए छात्रों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फर्जी कॉल, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, ओटीपी धोखाधड़ी और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों से बचने के उपाय बताए गए। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देकर किसी भी ठगी की स्थिति में तुरंत शिकायत करने के लिए जागरूक किया गया।इसके अलावा महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, गुड टच-बैड टच, पॉक्सो अधिनियम तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और बाल हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी विस्तार से बताया गया। उत्तराखण्ड पुलिस एप एवं गौरा शक्ति एप के उपयोग को भी प्रोत्साहित किया गया।इन कार्यक्रमों में लगभग 700 से अधिक छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया, जिससे अभियान को व्यापक सफलता मिली।टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी अभियान जारी रहेंगे, ताकि युवा जागरूक बनें और समाज को सुरक्षित, सशक्त और जिम्मेदार बनाया जा सके।




