टिहरी गढ़वाल। टिहरी विधानसभा क्षेत्र में अपने जन-संवाद कार्यक्रम के तहत पूर्व मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने विकासखंड चंबा के ग्राम पंचायत कोटी गाड़ और शकरपुर कोट (पट्टी उदय कोट) का भ्रमण कर क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं, सुझाव और विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
इस मौके पर धनाई ने कहा कि “जनता की आवाज ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और जनहित के कार्यों के लिए तत्पर रहना मेरा कर्तव्य है।” उन्होंने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए बताया कि पर्यटन मंत्री रहते हुए उन्होंने टिहरी विधानसभा में कई विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा, जिसमें टिहरी झील को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना प्रमुख रहा। आज टिहरी झील देश-विदेश के पर्यटन मानचित्र पर अपनी पहचान बना चुकी है।
उन्होंने कहा कि टिहरी झील में बोटिंग शुरू होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिले हैं, वहीं चंबा ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्रों में भी होटल व्यवसाय तेजी से बढ़ा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि पहले से ही जनता के बीच जाकर समस्याओं को समझने और उनके समाधान का प्रयास कर रहे हैं।
जनसंवाद के दौरान उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी और अपील की कि आगामी जनगणना में जो लोग रोजगार या व्यवसाय के लिए बाहर रह रहे हैं, वे अपनी गणना अपने गांव में ही सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान शीला नेगी ने राशन कार्ड और किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याएं उठाईं, जबकि शकरपुर कोट के विक्रम सिंह सजवाण, पूर्व सैनिक कुंवर सिंह सजवाण और बचन सिंह सजवाण ने सड़क मार्ग की समस्या प्रमुखता से रखी।
पूर्व मंत्री धनाई ने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे हमेशा प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर प्रधान शीला नेगी, पूर्व प्रधान वीना रावत, दिनेश उनियाल, कुंवर सिंह नेगी, सुरेंद्र सिंह रावत, नरेंद्र सिंह रावत, विशाल सिंह नेगी, राजेंद्र सिंह पुंडीर, महिला मंगल दल अध्यक्ष संगीता नेगी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
जनसंवाद कार्यक्रम में पूर्व मंत्री दिनेश धनाई ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, विकास का दिया भरोसा

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



