चमोली, 23 मई 2026। उत्तराखंड के पवित्र तीर्थ स्थल श्री हेमकुंड साहिब के कपाट शनिवार को विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलते ही देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। पहले ही दिन करीब 6500 श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया, जबकि पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान किया।
कपाट खुलने की प्रक्रिया सुबह धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ शुरू हुई। पंच प्यारों की अगुवाई में प्रातः 9 बजे श्री गुरु ग्रंथ साहिब को सचखंड से दरबार साहिब में सुशोभित किया गया। इसके बाद सुखमणी साहिब का पाठ और शबद कीर्तन आयोजित हुआ। धार्मिक अनुष्ठानों के पूर्ण होने के पश्चात गुरुद्वारे के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।
दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर इस वर्ष की पहली अरदास की गई। अरदास और हुक्मनामा के साथ ही वर्ष 2026 की पवित्र हेमकुंड साहिब यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया।
श्री हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के चेयरमैन नरिंदर जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि यात्रा को लेकर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, ठहरने, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं के लिए प्रशासन एवं गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
कपाट खुलने के अवसर पर पूरा हेमकुंड साहिब “जो बोले सो निहाल” और गुरुवाणी के जयकारों से गूंज उठा। बर्फीली चोटियों के बीच स्थित इस पवित्र धाम में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
विधि-विधान के साथ खुले श्री हेमकुंड साहिब के कपाट, पहले दिन 6500 श्रद्धालुओं ने टेका मत्था

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



