टिहरी गढ़वाल, 25 जून। ग्राम पंचायत भाटूसैण में आयोजित आम बैठक में सामाजिक सुधार और नशामुक्त वातावरण को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
ग्राम प्रधान जगदीश डबराल की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि शादी-विवाह, मुंडन एवं अन्य मांगलिक आयोजनों में सार्वजनिक रूप से शराब या अन्य नशीले पदार्थ नहीं परोसे जाएंगे। साथ ही डीजे रात 12 बजे तक ही बजाने की अनुमति होगी।
बैठक में ग्राम समाज सुधार समिति का गठन भी किया गया। समिति की अध्यक्ष अनीता कुकरेती, उपाध्यक्ष विनोद कुकरेती, सचिव अनुसूया देवी, सहसचिव लक्ष्मी देवी तथा कोषाध्यक्ष सविता देवी को बनाया गया।
ग्राम प्रधान जगदीश डबराल ने कहा कि यह पहल गांव में सामाजिक मर्यादा, संस्कार और नशामुक्त वातावरण को मजबूत करेगी। वहीं “शराब नहीं संस्कार” अभियान के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने इस निर्णय को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए पंचायत और ग्रामीणों को बधाई दी। ग्रामीणों ने भाटूसैण को नशामुक्त और आदर्श गांव बनाने का संकल्प भी लिया।




