200 से अधिक पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षु आरक्षियों ने किया प्रतिभाग
“योग है स्वस्थ शरीर, शांत मन और सशक्त जीवन का आधार” — एसएसपी श्वेता चौबे
टिहरी गढ़वाल 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज रिजर्व पुलिस लाइन चंबा, टिहरी गढ़वाल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे के नेतृत्व में भव्य योग शिविर एवं सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ योग प्रशिक्षक के निर्देशन में विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान अभ्यास के साथ हुआ। एसएसपी श्वेता चौबे ने स्वयं योगाभ्यास कर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षु आरक्षियों को नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि “योग है स्वस्थ शरीर, शांत मन और सशक्त जीवन का आधार। यह केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मानुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का सशक्त माध्यम है।” उन्होंने कहा कि पुलिस जैसी चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण सेवा में कार्यरत कार्मिकों के लिए योग शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्वस्थ, अनुशासित एवं ऊर्जावान पुलिस बल ही जनता को बेहतर एवं प्रभावी सेवाएं प्रदान कर सकता है।
उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण अवधि से ही योग, व्यायाम एवं अनुशासित जीवनशैली को अपनाने से न केवल शारीरिक क्षमता में वृद्धि होती है, बल्कि मानसिक दृढ़ता एवं कार्यकुशलता भी विकसित होती है। उन्होंने सभी कार्मिकों से नियमित योगाभ्यास कर स्वयं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाए रखने का आह्वान किया।
योग कार्यक्रम के उपरांत पुलिस लाइन परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें एसएसपी श्वेता चौबे सहित समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं रिक्रूट आरक्षियों ने श्रमदान करते हुए परिसर की साफ-सफाई की। इस दौरान सभी उपस्थित कार्मिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा अपने कार्यस्थल एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ, सुंदर एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि योग और स्वच्छता दोनों ही स्वस्थ जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं। जिस प्रकार योग व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ बनाता है, उसी प्रकार स्वच्छ वातावरण समाज को स्वस्थ एवं सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण एवं नशा मुक्त समाज निर्माण का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी, क्षेत्राधिकारी टिहरी एवं चंबा, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, जनपद के निरीक्षकगण, उपनिरीक्षकगण, रिक्रूट आरक्षी तथा अन्य पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।




