Ad image

माननीय राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर देहरादून प्रशासन अलर्ट, डीएम ने की उच्चस्तरीय समीक्षा

Govind Pundir
2 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

सभी विभाग समन्वय के साथ करें कार्य, व्यवस्थाओं में न रहे कोई कमी-डीएम

देहरादून 03 जून 2026 । माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार माननीय राष्ट्रपति 12 जून 2026 को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी तथा 13 जून को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के उपरांत दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

माननीय राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार को सभी संबंधित अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक सभी व्यवस्थाओं को त्रुटिरहित एवं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रपति निकेतन में विद्युत, पेयजल, संचार नेटवर्क तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को कंटीजेंसी प्लान के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था का पूर्व परीक्षण कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा की स्थिति उत्पन्न न हो।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित भ्रमण मार्ग पर सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने, यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने तथा संबंधित स्थलों पर व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि माननीय राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर चूक अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकरी (वि.रा) केके मिश्रा, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह सहित सभी उप जिलाधिकारी एवं प्रोटोकॉल से जुड़े समस्त अधिकारी उपस्थित थे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!