वर्चुअल बैठक में मानसून यात्रा व्यवस्थाओं, चढ़ावा चोरी प्रकरण और समिति की कार्यप्रणाली पर हुई चर्चा
टिहरी गढ़वाल 11 जुलाई । बीकेटीसी के वरिष्ठ सदस्य महेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन तथा सदस्य दिनेश डोभाल के संयोजन में श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के सदस्यों की वर्चुअल बैठक आयोजित हुई। बैठक में मानसून सत्र के दौरान सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित चारधाम यात्रा, मंदिर समिति पर लगाए जा रहे विभिन्न आरोपों तथा समिति की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंदिर समिति के सदस्य देवीप्रसाद देवली ने बताया कि बैठक में सदस्यों ने यात्रा भत्ता को लेकर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उनका कहना था कि बोर्ड अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार ही सदस्यों ने बोर्ड बैठकों, उपसमिति बैठकों और अन्य आधिकारिक कार्यों के लिए अनुमन्य यात्रा भत्ता प्राप्त किया है।
बैठक में चढ़ावा चोरी प्रकरण पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि मामला सामने आते ही समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने आरोपी कर्मचारी को तत्काल निलंबित कर चार सदस्यीय आंतरिक जांच समिति गठित की थी। साथ ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर आयुक्त गढ़वाल मंडल की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय जांच समिति भी गठित की गई है, जिसकी जांच जारी है। सदस्यों ने कहा कि जांच पूरी होने तक धैर्य रखा जाना चाहिए।
सदस्य धीरज पंचभैय्या (मोनू) ने समिति पर झूठे आरोप लगाने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पर विचार करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने ईमानदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने तथा पदोन्नति सहित लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने की भी मांग की।
सदस्य दिनेश डोभाल ने कहा कि वर्तमान समय में सनातन परंपरा और धार्मिक संस्थाओं को निशाना बनाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। उन्होंने मंदिर समिति की व्यवस्थाओं में आधुनिक तकनीक के अधिक उपयोग और पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर दिया।
राजपाल जड़धारी ने ऋषिकेश में समिति कार्यालय स्थापित किए जाने को यात्रियों के लिए उपयोगी कदम बताया। वहीं राजेंद्र डिमरी ने कहा कि अपूर्ण तथ्यों के आधार पर किए जा रहे भ्रामक प्रचार से चारधाम की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है।
सदस्यों प्रल्हाद पुष्पवान, नीलम पुरी और डॉ. विनीत पोस्ती ने आरोप लगाया कि मीडिया के एक वर्ग द्वारा समिति की उपलब्धियों की अनदेखी करते हुए केवल आरोपों को प्रमुखता दी जा रही है, जिससे धामों की छवि प्रभावित हो रही है।
राकेश भंडारी और कमला बगवाड़ी ने कहा कि बद्रीनाथ और केदारनाथ करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। बिना ठोस साक्ष्य के लगाए जाने वाले आरोप धार्मिक भावनाओं को आहत करते हैं और इससे बचा जाना चाहिए।
बैठक का मार्गदर्शन करते हुए महेंद्र शर्मा ने सुझाव दिया कि आगामी बोर्ड बैठक में समिति के अधिकारियों और सदस्यों का संयुक्त अध्ययन दल देश के प्रमुख मंदिरों का भ्रमण कर वहां की भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का अध्ययन करे तथा अपनी रिपोर्ट समिति को सौंपे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बद्रीनाथ धाम से संबंधित विषयों पर राकेश भंडारी और केदारनाथ धाम से जुड़े विषयों पर डॉ. विनीत पोस्ती अधिकृत प्रवक्ता होंगे। साथ ही प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को सुबह 9 बजे बीकेटीसी सदस्यों की वर्चुअल बैठक आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।




