Ad image

थत्यूड़ में विधायक और डीएम ने किया पुस्तकालय का उद्घाटन, सीएचसी का किया निरीक्षण

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल। धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने आज जौनपुर विकासखंड अंतर्गत राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, थत्यूड़ में नव निर्मित पुस्तकालय का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया।

इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पुस्तकों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि भविष्य में विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप पुस्तकालय का और विस्तार किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सके।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, थत्यूड़ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, ओपीडी व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं, औषधि वितरण, आयुष्मान कक्ष तथा महिला एवं पुरुष ओपीडी कक्षों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीषा भारती, चिकित्सक डॉ. अमानत, नर्सिंग ऑफिसर मीनाक्षी शर्मा एवं दीपेश सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार हेतु आने वाले मरीजों से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की तथा क्षय रोग (टीबी) मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अस्पताल में आज हुई एक प्रसूति के संबंध में दूरभाष के माध्यम से जच्चा एवं नवजात शिशु के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा संबंधित आशा कार्यकर्ता को नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान दवा भंडार में एक्सपायरी दवाओं को पृथक सुरक्षित नहीं रखा जाना तथा उनके लिए अलग से रजिस्टर का संधारण न किया जाना गंभीर लापरवाही पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने फार्मासिस्ट सुमन लाल विश्वकर्मा के वेतन आहरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को संबंधित के विरुद्ध स्पष्टीकरण प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में औषधि प्रबंधन, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण एवं मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने थत्यूड़ – बंगसील मोटर मार्ग का निरीक्षण भी किया।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!