टिहरी गढ़वाल । जनपद टिहरी गढ़वाल में भारत निर्वाचन आयोग से आए प्रधान सचिव एन.टी. भूटिया एवं अभिषेक तिवारी द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने अवगत कराया कि जनपद टिहरी गढ़वाल में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत ईएफ वितरण की प्रगति 97.80 प्रतिशत तथा डिजिटाइजेशन की प्रगति 25.68 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि जनपद के 18 बीएलओ द्वारा अपने-अपने बूथों पर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। साथ ही जनपद के 24 नेटवर्क शैडो क्षेत्रों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर डिजिटाइजेशन कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने हेतु विस्तृत प्लान साझा किया गया। इसके अतिरिक्त सभी राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित कर बीएलए-2 की तैनाती एवं समन्वय की स्थिति की भी जानकारी दी गई।
भारत निर्वाचन आयोग से आए अधिकारियों ने बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कम प्रगति वाले क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से नेटवर्क शैडो क्षेत्रों पर फोकस करने, कम प्रदर्शन वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त प्रयास करने तथा अधिक मतदाताओं वाले बड़े मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखते हुए निर्धारित समयावधि के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक स्तर पर सतत मॉनिटरिंग एवं समन्वय के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाया जाए।
बैठक में एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, सूचना विज्ञान अधिकारी शिवम त्रिपाठी, ईओ टिहरी वासुदेव डंगवाल, तहसीलदार प्राची, बीएलओ कृष्णा नौटियाल, बीएलओ अंजना भद्री, बीएलओ नरेश बिजल्वाण, एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी आदि संबंधित भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।




