नई टिहरी प्रेस क्लब के दीपावली मिलन समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, पत्रकारों ने रखीं जनहित से जुड़ी समस्याएं
टिहरी गढ़वाल। नई टिहरी प्रेस क्लब की ओर से आयोजित दीपावली मिलन समारोह में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए प्रेस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद जरूरी है। मीडिया जनसमस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने के साथ ही विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर स्थानीय सांस्कृतिक टीमों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय संस्कृति और लोक परंपराओं को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने पत्रकारों से सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। साथ ही पत्रकारों की ओर से उठाई गई समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अनुराग उनियाल, महामंत्री विजय गुसाईं सहित देवेंद्र दुमोगा, विक्रम बिष्ट और गोविंद पुंडीर आदि ने जिलाधिकारी का स्वागत बुके एवं शॉल भेंटकर किया। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने जिलाधिकारी के समक्ष प्रेस क्लब सहित स्थानीय पत्रकारों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और सुझाव रखे। जिलाधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
डीएम ने प्रेस क्लब की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के आपसी संवाद और रचनात्मक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसकी गतिविधियां निरंतर जारी रहनी चाहिए, ताकि शहर की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल सके।
कार्यक्रम में सूर्य रमोला, गंगा थपलियाल, रोशन थपलियाल ,मुकेश रतूड़ी, सौरभ, विजय दास, तेजराम सेमवाल, गोविंद पुंडीर, अंकित मित्तल , जगत तोपवाल सहित प्रेस क्लब के सदस्य एवं स्थानीय पत्रकार मौजूद रहे।




