क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान को लेकर जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से की मुलाकात

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

(गजा से डी.पी. उनियाल)

टिहरी गढ़वाल 2 जून। नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान के नेतृत्व में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के एक शिष्टमंडल ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल से मुलाकात की और विभिन्न जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
शिष्टमंडल में नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती, जोत सिंह असवाल, पूर्व ज्येष्ठ उपप्रमुख ईश्वरी प्रसाद विजल्वाण, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रियंका चौहान, विश्व हिंदू परिषद के गजेंद्र सिंह चौहान, नगर पंचायत सभासद रंजना चौहान, जमुना देवी, जसवंत सिंह चौहान एवं राजेन्द्र सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि धार अकरिया, मखलोगी, क्वीली और पालकोट पट्टियों के हजारों ग्रामीणों ने वर्षों पूर्व ऋषि गैस सेवा, ऋषिकेश से इंडियन गैस के कनेक्शन लिए थे। उस समय क्षेत्र में केवल इसी एजेंसी के माध्यम से गैस आपूर्ति होती थी। वर्तमान में सुंदर गैस एजेंसी खाड़ी तथा नकोट गैस एजेंसी द्वारा गैस वितरण किया जा रहा है, लेकिन ऋषि गैस सेवा से जुड़े उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नकोट इंडियन गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं को कनेक्शन ट्रांसफर कराने के लिए कहा जा रहा है। गजा, पोखरी, चाका और रणाकोट क्षेत्र में लगभग दो हजार गैस कनेक्शनों का स्थानांतरण होना है। ऐसे में जनहित को देखते हुए क्षेत्र में विशेष शिविर आयोजित किए जाने की मांग की गई, ताकि गैस कनेक्शन ट्रांसफर एवं केवाईसी की प्रक्रिया एक ही स्थान पर पूरी हो सके और ग्रामीणों को राहत मिल सके।
शिष्टमंडल ने कंडारी गांव निवासी शहीद विजय सिंह गुसाईं के स्मारक निर्माण हेतु भूमि चयन की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध भी किया। इसके अलावा नकोट-मखलोगी क्षेत्र में हुई स्कूटी आगजनी की घटना की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी गई।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने गजा घंटाकर्ण महोत्सव के सफल आयोजन एवं समापन में प्रशासन के सहयोग के लिए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने शिष्टमंडल की मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!