टिहरी गढ़वाल 8 जून। जनपद टिहरी गढ़वाल की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने सोमवार को कोतवाली नरेंद्रनगर, क्षेत्राधिकारी कार्यालय तथा फायर सर्विस यूनिट नरेंद्रनगर का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
कोतवाली नरेंद्रनगर के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, बैरक, भोजनालय, हवालात, सीसीटीएनएस कार्यालय, अभिलेखों के रख-रखाव तथा स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित विवेचनाओं और शिकायतों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने और पुलिस कर्मियों को आमजन के प्रति संवेदनशील एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने को कहा।
इसके बाद उन्होंने क्षेत्राधिकारी कार्यालय नरेंद्रनगर में अभिलेखों, पत्रावलियों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया।
फायर सर्विस कार्यालय के निरीक्षण में एसएसपी ने अग्निशमन वाहनों, उपकरणों और आपदा प्रबंधन संसाधनों की स्थिति का परीक्षण किया। उन्होंने फायर कर्मियों की तैयारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की समीक्षा करते हुए आगामी वर्षाकाल को देखते हुए सभी संसाधनों को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस एवं फायर कर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना तथा कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
आकस्मिक निरीक्षण पर नरेंद्रनगर कोतवाली पहुंचीं एसएसपी श्वेता चौबे, अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा पर दिया विशेष जोर

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



