टिहरी गढ़वाल, 8 जून। विकासखंड चंबा की ग्राम पंचायत पाली में आयोजित विशेष बैठक में शादी-विवाह, मुंडन संस्कार एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में शराब के वितरण और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ग्राम सभा द्वारा निर्धारित जुर्माना लगाया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान जयसूरी देवी ने की। इस दौरान सामाजिक सुधार और नशामुक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम समाज सुधार समिति का गठन भी किया गया। समिति में नीरज सजवाण को अध्यक्ष, सुशीला देवी को उपाध्यक्ष, वीना सुयाल को सचिव, सुन्दरी देवी को सहसचिव तथा पुष्पा देवी को कोषाध्यक्ष बनाया गया।
चंबा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण ने कहा कि यह निर्णय नशामुक्त और स्वस्थ समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, ‘शराब नहीं संस्कार’ मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने इसे सामाजिक मूल्यों और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा का संकल्प बताया।
समिति अध्यक्ष नीरज सजवाण ने कहा कि समिति गांव में नशामुक्ति, सामाजिक सुधार और जनजागरूकता के लिए निरंतर कार्य करेगी। ग्रामवासियों ने भी सामाजिक कार्यक्रमों को सादगी, संस्कार और पारंपरिक मूल्यों के अनुरूप आयोजित करने का संकल्प लिया।
बैठक में ग्राम पंचायत सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
पाली ग्राम पंचायत ने शादी-विवाह में शराब पर लगाया प्रतिबंध, समाज सुधार समिति गठित

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



