Ad image

गंगा की तेज धारा में बहने लगे एक ही परिवार के चार सदस्य, टिहरी पुलिस ने साहसिक रेस्क्यू कर बचाई जान

Govind Pundir
2 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

ऋषिकेश/टिहरी, 14 जुलाई। मुनिकीरेती क्षेत्र के शत्रुघ्न घाट पर गंगा में स्नान के दौरान एक ही परिवार के चार सदस्य तेज बहाव में बहने लगे। मौके पर तैनात टिहरी पुलिस, जल पुलिस और आपदा राहत दल ने अदम्य साहस और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया। पुलिस की इस बहादुरी से बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को जयपुर (राजस्थान) से आया एक परिवार शत्रुघ्न घाट पर गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान परिवार के सदस्य नानू का पैर फिसल गया और वह तेज धारा में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में परिवार के अन्य सदस्य भी नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और चारों डूबने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही घाट पर तैनात टिहरी पुलिस, जल पुलिस एवं आपदा राहत दल बिना समय गंवाए राहत कार्य में जुट गया। जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना गंगा में छलांग लगाई और लाइफ बॉय की मदद से चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तत्परता और सूझबूझ से किए गए इस रेस्क्यू अभियान ने चार जिंदगियों को सुरक्षित बचा लिया।
रेस्क्यू के बाद सभी को आवश्यक प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई गई। सकुशल बचाए जाने पर परिवार के सदस्यों ने टिहरी पुलिस, जल पुलिस और आपदा राहत दल का आभार व्यक्त करते हुए उनकी बहादुरी की सराहना की।
रेस्क्यू अभियान में शामिल टीम में हेड कांस्टेबल विदेश चौहान, हेड कांस्टेबल राजेंद्र, गोताखोर पियूष चौहान ,गोताखोर महेंद्र चौधरी,
संतोष कुमार शामिल रहे।
टिहरी पुलिस की अपील
मानसून के दौरान गंगा का जलस्तर और बहाव अत्यधिक तेज रहता है। श्रद्धालु एवं पर्यटक केवल चिन्हित सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें, चेतावनी संकेतों और पुलिस के निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने से बचें।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!