श्रीनगर गढ़वाल 10 जुलाई । नवनिर्वाचित व्यापार सभा श्रीनगर गढ़वाल के शपथग्रहण समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठित व्यापार समाज राष्ट्र की आर्थिक उन्नति का महत्वपूर्ण आधार होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी व्यापारियों के हितों की रक्षा करते हुए क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि व्यापार केवल आजीविका का माध्यम नहीं, बल्कि समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का भी सशक्त साधन है। व्यापारी वर्ग सदैव सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाता आया है। उन्होंने सभी व्यापारियों से आपसी सहयोग, भाईचारे और संगठन की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के आदर्शों पर चलकर ईमानदारी, पारदर्शिता और सेवा भाव के साथ व्यापार करने से समाज में विश्वास और समृद्धि दोनों का विस्तार होता है। उन्होंने नव निर्वाचित अध्यक्ष श्री अनुज जोशी सहित सभी पदाधिकारियों को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि व्यापार सभा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान एवं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रभावी कार्य करेगी। इस अवसर पर स्वामी रसिक महाराज एवं उत्तराखण्ड सरकार में कैबिनेट मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई ।
समारोह में बड़ी संख्या में व्यापारी, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण उत्साह एवं उल्लासपूर्ण रहा।




