Ad image

जनपद के विकास के लिए रोडमैप तैयार कर करें कार्य : जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण

Govind Pundir
5 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

डिजिटल शिक्षा, ई-गवर्नेंस और रिवर्स माइग्रेशन पर फोकस के साथ जिला पंचायत की सामान्य बैठक सम्पन्न

टिहरी गढ़वाल, 10 जुलाई 2026 । जिला पंचायत टिहरी गढ़वाल की सामान्य बैठक शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार बौराडी में आयोजित की गई। बैठक में  जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, सीडीओ वरुणा अग्रवाल सहित जिला पंचायत के समस्त सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, परिवहन विभाग, जल निगम, वन विभाग, जल संस्थान, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, लघु उद्योग, प्राथमिक शिक्षा, विद्युत विभाग, समाज कल्याण, पर्यटन विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने कहा कि जनपद टिहरी गढ़वाल के समग्र विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों एवं विभागों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि केवल समस्याओं को चिन्हित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके प्रभावी समाधान खोजकर उन्हें धरातल पर लागू करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पंचायतों के विकास के लिए एक स्पष्ट रोडमैप तैयार करने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि डिजिटल शिक्षा, रिवर्स माइग्रेशन तथा प्रत्येक विद्यालय में स्मार्ट क्लास की स्थापना जैसे विषयों पर प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाना चाहिए। साथ ही ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देकर विभागीय कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा अधिक से अधिक तकनीक आधारित सेवाओं को अपनाया जाए।

जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को जन आंदोलन बनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में डोर-टू-डोर जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान जनप्रतिनिधियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा इसके लिए विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रत्येक स्तर पर प्रभावी कार्य किए जाएं।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला ने कहा कि प्रशासन की महत्वपूर्ण बैठकों में जिला पंचायत सदस्यों को भी आमंत्रित किया जाना चाहिए, जिससे उन्हें जनपद में संचालित विकास कार्यों एवं योजनाओं की अद्यतन जानकारी प्राप्त हो सके और वे अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से रख सकें।

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने भी प्रशासन की ओर से विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय तथा जनहित से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने सभी विभागों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत की बैठक के दौरान सदस्य जिला पंचायत क्षेत्र-07 धमांडी सुनील प्रसाद जुयाल ने क्षेत्र की सड़कों से मलबा हटाने, धमां–भेण्डखाल–बंगीयाल मार्ग के डामरीकरण, कन्सूसुड–बंगीयाल, बगोड़ी–जनसकोट–मंजंगलात तथा बागीखाल–सावली मोटर मार्गों के निर्माण, भेण्डखाल–बिकोल एवं ज्यौरिया–कन्सूसुड मार्गों के सुधारीकरण की मांग उठाई। साथ ही जीआईसी भेण्डखाल में रसायन विज्ञान के अध्यापक की नियुक्ति, सीएचसी कण्डीसौड़ में नियमित अल्ट्रासाउंड सुविधा तथा पीएचसी भेण्डखाल में 108 एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।

सदस्य जिला पंचायत परियाला (वार्ड-02) शैला रमोला ने कोरड़ी–दुरांशखण्डा मोटर मार्ग, जो वर्ष 2014 में स्वीकृत हुआ था, का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारम्भ कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि सड़क न होने से ग्रामीणों, विशेषकर बीमार, गर्भवती महिलाओं एवं बुजुर्गों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

सदस्य जिला पंचायत वार्ड-27 आशीष जोशी ने पटूड़ी गांव में सामुदायिक भवन एवं शौचालय निर्माण, हम्माणी देवी मोटर मार्ग पर लगाए गए अवैध बैरियर को हटाने तथा बुढ़ा–बुचन पुल के शेष निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग रखी। उन्होंने बरसात से पूर्व पुल क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख चंबा सुमन सजवाण, ब्लॉक प्रमुख जौनपुर सीता पंवार सहित जनपद के विभिन्न ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा संबंधित लोग उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!