( घनसाली से लोकेंद्र जोशी )
टिहरी गढ़वाल 10 जुलाई। उत्तराखण्ड सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” सेवा सप्ताह के तहत आयुष विभाग ने विकासखंड भिलंगना के तहसील मुख्यालय घनसाली में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी के निर्देशन में आयोजित शिविर में ग्रामीणों को स्वास्थ्य परीक्षण के साथ निःशुल्क आयुर्वेदिक दवाइयों का वितरण किया गया।
शिविर में बुखार, जुकाम, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, अम्लपित्त, जोड़ों के दर्द तथा हृदय संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच की गई। चिकित्सकों ने रोगियों का रक्तचाप (बीपी) और रक्त शर्करा (शुगर) परीक्षण भी किया तथा आवश्यकतानुसार आयुर्वेदिक औषधियां उपलब्ध कराईं।
शिविर का लाभ कुल 15 मरीजों ने उठाया। इस दौरान आयुष विशेषज्ञों ने लोगों को संतुलित आहार, नियमित योग, दिनचर्या और आयुर्वेद आधारित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। विभाग ने आमजन से आयुष चिकित्सा पद्धति का अधिक से अधिक लाभ लेकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन अपनाने की अपील की।




