चम्पावत में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए पांच दिवसीय परीक्षण शिविर, निःशुल्क मिलेंगे सहायक उपकरण

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

चम्पावत, 19 जुलाई। भारत सरकार की एडीआईपी (ADIP) एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत जनपद चम्पावत में दिव्यांगजनों और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक यंत्र एवं उपकरण उपलब्ध कराने के लिए 21 से 25 जुलाई तक विकासखण्डवार परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने आसपास रहने वाले दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को इन शिविरों की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इस निःशुल्क सुविधा का लाभ उठा सकें।

शिविरों में एल्मिको, कानपुर की विशेषज्ञ टीम लाभार्थियों का परीक्षण करेगी। परीक्षण के आधार पर जरूरतमंदों को व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल, वैशाखी, श्रवण यंत्र (हियरिंग एड), छड़ी, कमर बेल्ट सहित अन्य सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया जाएगा। परीक्षण के बाद पात्र लाभार्थियों को उपकरण वितरित करने हेतु एल्मिको अलग से वितरण शिविर आयोजित करेगा।
शिविरों का कार्यक्रम
21 जुलाई – नगर पालिका रैन बसेरा, गौरल चौड़, चम्पावत
22 जुलाई – विकासखण्ड परिसर, लोहाघाट
23 जुलाई – विकासखण्ड परिसर, बाराकोट
24 जुलाई – विकासखण्ड परिसर, पाटी
25 जुलाई – नगर पालिका परिसर, टनकपुर
अपर समाज कल्याण अधिकारी किशन चौहान ने बताया कि दिव्यांग लाभार्थियों को दिव्यांग प्रमाण पत्र, यूडीआईडी (UDID) कार्ड, ₹22,500 तक मासिक आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा श्रवण यंत्र के लिए आवश्यक होने पर ऑडियोमेट्री रिपोर्ट साथ लानी होगी। वहीं 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को ₹15,000 तक मासिक आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा आवश्यकता अनुसार ऑडियोमेट्री रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
उन्होंने बताया कि शिविरों से संबंधित अधिक जानकारी जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, जिला चिकित्सालय चम्पावत अथवा जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन चम्पावत से किसी भी कार्यदिवस में प्राप्त की जा सकती है।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!