जनसंवाद में पूर्व मंत्री धनाई ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, रानीचौरी को पर्यटन सर्किट और साबली को संस्कृत ग्राम बनाने की उठी मांग

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 19 जुलाई। पूर्व पर्यटन मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने अपने जनसंवाद कार्यक्रम के तहत रविवार को विकासखंड चंबा के साबली-बमुण्ड गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिलाया।
बैठक में ग्रामीणों ने रानीचौरी में विश्वविद्यालय की स्थापना, क्षेत्रीय सड़कों के सुधार, मंदिरों के सौंदर्यीकरण, रानीचौरी को पर्यटन सर्किट से जोड़ने, साबली को संस्कृत ग्राम घोषित करने तथा बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
इस दौरान दिनेश सिंह धनाई ने कहा कि वह चुनाव से पहले लगातार जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और आगामी चुनाव को लेकर लोगों की राय भी जान रहे हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि साबली सड़क का निर्माण, विधायक निधि से मंदिर का सौंदर्यीकरण तथा रानीचौरी को पर्यटन सर्किट से जोड़ने की पहल उनके कार्यकाल में हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में इस योजना को अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि चंबा नगर क्षेत्र में उनके प्रयासों से पांच पार्किंग का निर्माण कराया गया, जिनमें से एक का उपयोग आज बड़े सार्वजनिक आयोजनों के लिए किया जा रहा है।
धनाई ने कहा कि साबली विद्वानों और संस्कृत परंपरा का गांव है, इसलिए वह यहां के लोगों का आशीर्वाद और मार्गदर्शन लेने आए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि यदि उन्हें जनसमर्थन मिलता है तो वह क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देंगे। साथ ही उन्होंने लोगों से चुनाव के दौरान भ्रामक प्रचार से सतर्क रहने की अपील भी की।
जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अनिता बहुगुणा, उपप्रधान कंचन बहुगुणा, पूर्व शिक्षक डिमेश्वर बहुगुणा, संजय बहुगुणा, रोशन भट्ट, पूरण सिंह पयाल, अजय बहुगुणा, सुभाष बहुगुणा, कृष्णा बहुगुणा, राकेश भट्ट, वार्ड सदस्य सीमा बहुगुणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!