टिहरी गढ़वाल 27 जुलाई। विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और प्रभावी अनुश्रवण एवं शैक्षणिक सहयोग प्रणाली को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार को गढ़वाल मंडल स्तरीय चार दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला में गढ़वाल मंडल के विभिन्न डायट संस्थानों के प्राचार्य, प्रवक्ता, ब्लॉक एवं संकुल समन्वयक प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यशाला का शुभारंभ संस्थान के प्राचार्य सुमेर सिंह कैंतुरा ने किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी टिहरी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अनुश्रवण को केवल निरीक्षण तक सीमित न रखकर उसे विकासोन्मुख, सहयोगात्मक एवं मार्गदर्शन आधारित प्रक्रिया के रूप में विकसित करना होगा। उन्होंने विद्यालय भूमि चयन सहित शैक्षणिक व्यवस्थाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
एससीईआरटी उत्तराखंड, देहरादून के उप निदेशक विनोद मडूवा ने कहा कि प्रभावी मॉनिटरिंग एवं मेंटरिंग के माध्यम से विद्यालयों में सतत सुधार, जवाबदेही तथा गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अजय कुमार चौरसिया ने चार दिवसीय कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि कार्यशाला का आयोजन स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन एवं एससीईआरटी उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन के कंट्री हेड एंटनी निल्सरी ने कहा कि इस प्रशिक्षण से शिक्षा में गुणवत्ता, नवाचार तथा प्रभावी अनुश्रवण एवं मार्गदर्शन प्रणाली को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यशाला में गढ़वाल मंडल के सभी डायट संस्थानों के प्राचार्य, प्रवक्ता, ब्लॉक समन्वयक एवं संकुल समन्वयक सहित शिक्षा विभाग के अनेक अधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे। चार दिवसीय प्रशिक्षण में प्रभावी अनुश्रवण, मेंटरिंग तथा शैक्षणिक सहयोग प्रणाली के विभिन्न आयामों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
गढ़वाल मंडल में प्रभावी अनुश्रवण व शैक्षणिक सहयोग प्रणाली पर चार दिवसीय कार्यशाला शुरू

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



