ऋषिकेश, 4 जुलाई। “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के अंतर्गत आईडीपीएल ग्राउंड, ऋषिकेश में आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ जनसेवा और विकास का बड़ा मंच बनकर उभरा। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। इस दौरान 20 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता रही, जबकि 3,500 से अधिक पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम में पहुंचे नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री को उनके सफल नेतृत्व के पांच वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं दीं।
सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जनपद के विभिन्न विभागों ने संयुक्त रूप से बहुउद्देशीय शिविर लगाया। ‘इंटीग्रेटेड एफर्ट’ के तहत आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।
स्वास्थ्य शिविर में एक हजार से अधिक मरीजों का उपचार
विशाल स्वास्थ्य शिविर में 1009 मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण एवं उपचार किया गया। इनमें 212 हड्डी रोग, 70 स्त्री रोग तथा 81 नेत्र, नाक एवं कान संबंधी मरीज शामिल रहे। 13 बच्चों का टीकाकरण किया गया, 15 आयुष्मान कार्ड और 20 आभा कार्ड बनाए गए। 95 एक्स-रे तथा 70 रक्त जांचें भी की गईं। आयुष विभाग ने 310 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाएं वितरित कीं, जबकि 23 दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्रों का ऑनलाइन पंजीकरण किया गया।
समाज कल्याण विभाग ने विधवा, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग श्रेणी के 75 लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृत की तथा 10 यूडीआईडी कार्ड जारी किए। वहीं 280 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। कृषि, उद्यान, उद्योग, डेयरी, मत्स्य, रेशम, पशुपालन और लीड बैंक सहित विभिन्न विभागों ने 1200 से अधिक लोगों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित
राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों, लघु उद्योगों और विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को सम्मानित किया। सहकारिता विभाग के अंतर्गत पंजीकृत पांच स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रत्येक को पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कर अल्मोड़ा, देहरादून और टिहरी के तीन युवाओं का जापान में लगभग एक लाख रुपये प्रतिमाह के पैकेज पर चयन होने पर उन्हें भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा मत्स्य, उद्यान, उद्योग एवं डेयरी विभाग के उत्कृष्ट लाभार्थियों को भी सम्मान मिला।
₹219.29 करोड़ की 51 विकास योजनाओं की सौगात
कार्यक्रम में राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने देहरादून जनपद के लिए कुल ₹219.29 करोड़ की 51 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹172.78 करोड़ की 38 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹46.50 करोड़ की 13 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण एवं सुधार, पुल निर्माण, बाढ़ सुरक्षा कार्य, सिंचाई नहरों का पुनरोद्धार, एलईडी स्ट्रीट लाइटिंग, आईएसबीटी के उन्नयन, गौशालाओं का निर्माण, पार्कों के सौंदर्यीकरण, विद्यालय भवन, पशु चिकित्सालय, पर्यटन एवं जल क्रीड़ा विकास, स्नान घाट, अमृत सरोवर विकास सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन विकास योजनाओं से देहरादून जनपद के आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी और जनसुविधाओं का विस्तार होगा।




