टिहरी गढ़वाल 9 जुलाई। जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से टिहरी पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान में तेजी लाई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में किरायेदारों, बाहरी मजदूरों, घरेलू सहायकों, फेरी लगाने वालों तथा अन्य बाहरी व्यक्तियों का सघन सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस टीमों द्वारा उनके निवास और कार्यस्थलों पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच की जा रही है। सत्यापन नहीं कराने वाले मकान मालिकों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम एवं प्रचलित नियमों के तहत चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार पिछले 15 दिनों में जिलेभर में 400 से अधिक बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया है, जबकि 250 से अधिक मकान मालिकों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने निर्देश दिए हैं कि जनपद में रहने या कार्य करने वाले प्रत्येक बाहरी व्यक्ति का समयबद्ध और अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके और जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।
टिहरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके यहां कोई किरायेदार, बाहरी मजदूर, घरेलू सहायक, फेरी लगाने वाला या अन्य बाहरी व्यक्ति रह रहा है अथवा कार्य कर रहा है, तो उसका सत्यापन अवश्य कराएं। पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सतर्कता और सहयोग ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव है।
टिहरी में सघन सत्यापन अभियान, 15 दिनों में 400 से अधिक बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन, 250 से ज्यादा पर कार्रवाई

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



