टिहरी गढ़वाल 26 जुलाई। टिहरी पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर दो चोरी की कारें, एक चोरी की मोटरसाइकिल तथा वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि 25 जुलाई को चंबा पुलिस ने कुमाल्डा बैरियर के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका। तलाशी में कार से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों की पहचान अंकित (21) और दीपक कुमार (22) निवासी विकासनगर, देहरादून के रूप में हुई। दोनों आपस में सगे भाई हैं।
जांच में बरामद कार चंबा क्षेत्र से चोरी की गई पाई गई, जबकि मोटरसाइकिल उत्तरकाशी के पुरोला क्षेत्र से चोरी की थी। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने ठांगधार-काणाताल क्षेत्र से चोरी की गई एक अन्य कार और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। आरोपियों ने देहरादून और उत्तरकाशी में भी वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है, जिसकी जांच जारी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक विपिन बहुगुणा, उपनिरीक्षक रवि कुमार, उपनिरीक्षक विनय शर्मा, मुख्य आरक्षी सुनील राणा, मुख्य आरक्षी सूर्य प्रताप सिंह रमोला, आरक्षी अंकुर, आरक्षी सुबोध कुमार और आरक्षी रामचन्द्र सिंह शामिल रहे। एसएसपी ने पुलिस टीम को ₹2,500 के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।
अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो सगे भाई गिरफ्तार

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



