सड़क सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल करें सुधार : डीएम

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 29 जुलाई। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के वीसी कक्ष में जनपदीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल सुधारात्मक कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने भद्रकाली से ब्रह्मानंद मोड़ तक रंबल स्ट्रिप का कार्य शीघ्र पूरा करने तथा चंबा विकासखंड को जाने वाली सड़क की प्राथमिकता से मरम्मत कराने को कहा। एनएच, लोनिवि और पीएमजीएसवाई अधिकारियों को अंधे मोड़ों पर कॉन्केव मिरर, स्पीड लिमिट बोर्ड व पर्याप्त साइनेज लगाने तथा क्षतिग्रस्त क्रैश बैरियर तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कार्यों की जियो टैग फोटो उपलब्ध कराने को भी कहा।
डीएम ने पुलिस व संबंधित विभागों को दुर्घटना संभावित स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण करने और रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मानसून को देखते हुए भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और कॉशन बोर्ड लगाने को कहा।
उन्होंने पुलिस, परिवहन विभाग एवं प्रशासन को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सघन प्रवर्तन अभियान चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसएसपी श्वेता चौबे, अधीक्षण अभियंता लोनिवि के.एस. नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता सहित लोनिवि, पीएमजीएसवाई, परिवहन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!