नौ साल बाद शुरू हुई सिटी बस सेवा, महिला स्वयं सहायता समूहों को मिली प्रोत्साहन राशि
श्रीनगर/पौड़ी, 31 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के श्रीनगर पहुंचने पर लोगों ने जगह-जगह उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगरवासियों को करीब 9.35 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देने के साथ नौ साल बाद पुनः शुरू हुई सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। साथ ही ‘सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि वितरित की और 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट प्रदान की।
मुख्यमंत्री का कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, विधायक भरत चौधरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, महापौर आरती भंडारी और जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान जूनियर दिल्ली स्कूल के 10 विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को डीक्राफ्ट भेंट किया।
मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 2,01,530 रुपये का चेक वितरित किया। वहीं, महापौर आरती भंडारी की पहल पर करीब 22.48 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई 30 सीटर सिटी बस को हरी झंडी दिखाई और उसकी चाबी नगर निगम को सौंपी। बस धारी देवी से कलियासौड़ होते हुए कीर्तिनगर पुल तक संचालित होगी। शुरुआत में प्रतिदिन इसके पांच चक्कर लगाए जाएंगे। बस संचालन का समय सर्दियों में सुबह 8 से रात 8 बजे और गर्मियों में सुबह 7 से रात 8 बजे तक रहेगा।
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण करने के साथ नगर निगम क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधा, स्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पार्क), लक्ष्मीनारायण पार्क, सड़क एवं नाली निर्माण तथा पार्कों के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कॉलेज गेट के समीप विद्यार्थियों से भी मुलाकात की। वह प्रोटोकॉल से हटकर वाहन से उतरे और बच्चों के बीच पहुंचकर उनका हालचाल जाना।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
श्रीनगर में मुख्यमंत्री के स्वागत को उमड़ा जनसैलाब, 9.35 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



