टिहरी गढ़वाल, 10 जुलाई 2026 । जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की बैठक आयोजित की गई, जिसमें “आरोग्य दृष्टि” पोर्टल के विकास एवं स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न पोर्टलों के डेटा के एकीकरण (इंटीग्रेशन) पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में संस्था के प्रतिनिधि प्रथम द्वारा बताया गया कि विभिन्न स्वास्थ्य पोर्टलों के डेटा को सत्यापित कर एकीकृत प्रारूप में संकलित किया जाएगा तथा उसका विश्लेषण कर उपयोगी परिणाम प्रस्तुत किए जाएंगे। इस पोर्टल के माध्यम से जनपद के सभी नौ विकासखंडों का स्वास्थ्य संबंधी डेटा एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं निर्णय लेने की प्रक्रिया और अधिक सुदृढ़ होगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि डेटा इंटीग्रेशन से पूर्व सभी संबंधित पोर्टलों का गहन अध्ययन किया जाए। साथ ही फील्ड स्तर से डेटा संग्रहण की बेहतर व्यवस्था विकसित करते हुए उसे इस प्रकार प्रस्तुत किया जाए कि निर्णय लेने में सहायता मिले। उन्होंने एनालिटिक्स, पिन-पॉइंटेड इंडिकेटर्स तथा विभिन्न प्रणालियों के सेंट्रलाइज्ड लिंक विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 12 से अधिक पोर्टलों पर अलग-अलग प्रकार का स्वास्थ्य डेटा संधारित किया जा रहा है। इनमें बच्चों के टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की निगरानी, टीबी, उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य गैर-संचारी रोगों के मरीजों तथा दवाओं एवं वैक्सीन से संबंधित जानकारी अलग-अलग पोर्टलों पर उपलब्ध है। इन सभी पोर्टलों के डेटा को एकीकृत कर एक केंद्रीकृत डैशबोर्ड तैयार किया जाएगा, जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि यह पहल हेल्थ मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पोर्टल के माध्यम से बच्चों के टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य निगरानी, टीबी स्क्रीनिंग, उच्च जोखिम वाले मरीजों की पहचान तथा स्वास्थ्य संकेतकों की बेहतर मैपिंग एवं विश्लेषण संभव हो सकेगा। वर्तमान में यह परियोजना प्रारंभिक चरण में है।
बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, चंबा से डॉ राजेश, डीपीएम अभिनव बडोनी, सुखदेव रावत आदि संबंधित उपस्थित रहे।




