रेड अलर्ट के बीच आज टिहरी में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद, कई सड़कें बाधित; प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 9 जुलाई। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जनपद टिहरी गढ़वाल के लिए जारी रेड अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष नितिका खण्डेलवाल ने गुरुवार को जिले के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
उधर, लगातार बारिश के कारण जिले के कई प्रमुख सड़क मार्ग भी बाधित हो गए हैं। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार एनएच-07 ऋषिकेश-कीर्तिनगर मोटर मार्ग तीनधारा के पास बंद है। वहीं एसएच-30 सुवाखोली-अलमस-नगुण मोटर मार्ग रौतु की बेली के पास मलबा आने से अवरुद्ध हो गया है। मार्ग खोलने के लिए अलमस से जेसीबी मशीन रवाना कर दी गई है। इसके अलावा एसएच-77 नरेंद्रनगर-रानीपोखरी मोटर मार्ग भी बंद है, जबकि जिले के छह ग्रामीण संपर्क मार्ग भी अवरुद्ध बताए गए हैं।
मौसम विभाग ने गुरुवार को जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने आम जनता से अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की अपील की है।
प्रशासन ने पुलिस, राजस्व, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, एनएच, बीआरओ सहित सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और सड़क बाधित होने की स्थिति में तत्काल राहत एवं बहाली कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर रोक लगाने तथा मौसम सामान्य होने तक यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने किसी भी आपदा, दुर्घटना या सड़क अवरोध की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) को देने की अपील की है। प्रशासन ने नागरिकों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करते हुए सतर्क रहने का आग्रह किया है।

नोट: किसी भी दैवीय आपदा, सड़क अवरोध, दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC), टिहरी गढ़वाल के इन नंबरों पर दें।

01376-234793, 01376-233433, 9456533332, 8126268098, 7465809009, 7983340807

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!