26 जुलाई को जनपद में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया जाएगा शौर्य दिवस

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 08 जुलाई 2026 । अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आज कलक्ट्रेट सभागार में आगामी 26 जुलाई को शौर्य दिवस (कारगिल विजय दिवस) के आयोजन को लेकर जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सैनिक कल्याण विभाग के कर्नल सी.बी. पुन ने अवगत कराया कि 26 जुलाई, कारगिल विजय दिवस को बौराडी स्थित शौर्य स्मारक स्थल पर पूरे श्रद्धा, सम्मान एवं गरिमामय वातावरण में शौर्य दिवस के रूप में मनाया जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुलिस विभाग शहीद स्मारक पर सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात संचालन सुनिश्चित करेगा। शिक्षा विभाग द्वारा प्रातः 8:00 बजे बौराड़ी चौक से शहीद स्मारक तक स्कूली छात्र-छात्राओं की देशभक्ति रैली एवं बैंड के साथ प्रभात फेरी आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा समूहगान एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी दी जाएगी।

उन्होंने निर्देशित किया कि फील्ड रेजिमेंट नरेंद्र नगर द्वारा शहीद स्मारक पर गार्ड ऑफ ऑनर एवं सलामी दी जाएगी। अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों, वीर नारियों तथा स्कूली बच्चों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उद्यान विभाग को शहीद स्मारक के सौंदर्यीकरण, माल्यार्पण हेतु पुष्पचक्र एवं पुष्पमालाओं की व्यवस्था करने तथा जल संस्थान को कार्यक्रम स्थल पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं समन्वित रूप से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अध्यक्ष पूर्व सैनिक संगठन संजय रावत, सैनिक कल्याण विभाग से कैप्टन बलवंत सिंह रावत, एएसपी दीपक कुमार, ब्लॉक प्रतिनिधि पूर्व सैनिक, शिक्षा विभाग की पूनम चौहान, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका टिहरी वासुदेव डंगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य संबंधित वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!