टिहरी गढ़वाल 19 जुलाई। डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम विचार मंच टिहरी एवं क्रीड़ा विकास एवं खिलाड़ी कल्याण संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “टिहरी प्राइड क्रिकेट लीग” का रविवार को बोराड़ी स्टेडियम में भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में जनपद की 14 टीमों ने हिस्सा लिया और पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।
फाइनल मुकाबला आर.डी. टाइगर और स्टार क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। बारिश से प्रभावित मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए आर.डी. टाइगर ने 15 ओवर में 163 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया। टीम की ओर से प्रियांशु पवार और विपिन रघुवंशी ने 55-55 रन की शानदार पारियां खेलीं, जबकि रॉबिन ने 31 रन का योगदान दिया। स्टार क्रिकेट क्लब के राकेश रावत ने चार विकेट लेकर प्रभावी गेंदबाजी की।
जवाब में स्टार क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 115 रन पर सिमट गई। यशपाल ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। आर.डी. टाइगर की ओर से ए.एस. कोरंगा ने तीन विकेट, सतवंत और साकिर हुसैन ने दो-दो विकेट तथा मनवीर भंडारी ने एक विकेट लेकर टीम को शानदार जीत दिलाई।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि एवं युवा कल्याण विभाग के पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश राणा ने विजेता टीम आर.डी. टाइगर को ₹7,100 नगद पुरस्कार व ट्रॉफी तथा उपविजेता स्टार क्रिकेट क्लब को ₹3,100 नगद पुरस्कार व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर राकेश राणा ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। खेल अनुशासन, नेतृत्व, संघर्ष और टीम भावना का विकास करते हैं तथा युवाओं को नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि टिहरी के खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में प्रियांशु पवार (आर.डी. टाइगर) को मैन ऑफ द सीरीज, निखिल बिष्ट (डायनेमिक किंग टीम) को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, जितेंद्र नेगी (स्टार क्रिकेट क्लब) को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा अंकित अवस्थी (डायनेमिक किंग टीम) को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर चुना गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम विचार मंच के प्रदेश अध्यक्ष असद आलम, क्रीड़ा विकास एवं खिलाड़ी कल्याण संस्था के सचिव राजेश नेगी सहित सुमन सिरकोटी, मनीष पोखरियाल, सतबीर पुंडीर, अनिल रावत, केसर केंतुरा, आशीष जोशी, मनवीर राणा, कुलदीप रावत, रोबिन, जयेंद्र पवार, कवीन्द्र रावत और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। खिलाड़ियों और दर्शकों ने सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे टूर्नामेंट नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।
टिहरी प्राइड क्रिकेट लीग: आर.डी. टाइगर बनी चैंपियन, स्टार क्रिकेट क्लब उपविजेता

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



