टिहरी गढ़वाल, 25 जुलाई। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौंड़ में शनिवार से तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर का उद्घाटन प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में ऐसे विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को अपने क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिल रही हैं, जिससे उन्हें उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
शिविर में ऑर्थोपेडिक्स (हड्डी रोग), स्त्री एवं प्रसूति रोग, ईएनटी (नाक-कान-गला) समेत विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच कर परामर्श और उपचार प्रदान कर रहे हैं। साथ ही मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मनीषा पंवार, नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन रांगड़, जिला पंचायत सदस्य हरि डिमरी सहित कई जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार तीन दिवसीय शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि समय पर जांच, उपचार और परामर्श स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सके। विभाग ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
सीएचसी चौंड़ में तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर शुरू, विधायक विक्रम सिंह नेगी ने किया उद्घाटन

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



