मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत 32 वरिष्ठ नागरिकों ने किए श्री जागेश्वर धाम के दर्शन

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

चार दिवसीय तीर्थ यात्रा से सकुशल गजा लौटे बुजुर्ग, कैंची धाम और चितई गोलू देवता मंदिर में भी टेका माथा

टिहरी गढ़वाल, 18 अगस्त 2026। उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत विकासखंड चंबा के गजा क्षेत्र के 32 वरिष्ठ नागरिकों का दल चार दिवसीय तीर्थ यात्रा के बाद मंगलवार को सकुशल गजा लौट आया। दल 14 अगस्त को पवित्र श्री जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए रवाना हुआ था।
यात्रा से लौटे वरिष्ठ नागरिकों में खासा उत्साह और प्रसन्नता दिखाई दी। उन्होंने यात्रा के दौरान उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और सुचारु व्यवस्थाओं के लिए पर्यटन विभाग एवं उत्तराखंड सरकार का आभार जताया। बुजुर्ग यात्रियों ने कहा कि योजना के माध्यम से उन्हें भगवान जागेश्वर के दर्शन का अवसर मिला, जो उनके लिए सुखद और अविस्मरणीय अनुभव रहा।
तीर्थ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने कैंची धाम तथा चितई गोलू देवता मंदिर में भी दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
गजा पहुंचने पर क्षेत्र पंचायत सदस्य कविता देवी ने सभी वरिष्ठ नागरिकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना बुजुर्गों के लिए सरकार की सराहनीय और जनहितकारी पहल है। इससे वरिष्ठ नागरिकों को देश-प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने क्षेत्र के अधिक से अधिक बुजुर्गों से योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया।
तीर्थ यात्रा से लौटे बुजुर्गों ने अपने अनुभव साझा करते हुए योजना की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इस योजना ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए तीर्थाटन को सरल, सुलभ और यादगार बना दिया है। बुजुर्गों ने भविष्य में भी इस प्रकार की धार्मिक यात्राओं के आयोजन की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर विजय सिंह रावत, कल्याण सिंह, बचन सिंह खडवाल, विक्रम सिंह नेगी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!