रायवाला 16 अगस्त। राजकीय इंटर कॉलेज रायवाला में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ भव्य रूप से मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज, अध्यक्ष सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि स्वामी रसिक महाराज ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि इसे सुरक्षित और सशक्त बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। विद्यार्थियों को अपने जीवन में अनुशासन, संस्कार, शिक्षा और राष्ट्रसेवा को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की गौरवशाली संस्कृति, सनातन परंपरा और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
स्वामी रसिक महाराज ने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण तथा समाज में आपसी भाईचारा बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और परिश्रम से महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और राष्ट्रभक्तों के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश भी दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय मल्ल यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन जीवविज्ञान प्रवक्ता सते सिंह राणा ने किया। समारोह में कीर्तिनगर इण्टर कालेज टिहरी गढ़वाल के प्रधानाचार्य रमाशंकर विश्वकर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की । इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए संकल्प लिया।





