टिहरी गढ़वाल 12 अगस्त। कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टिहरी गढ़वाल में मानसून सीजन के दौरान आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से आपदा से हुई क्षति, प्रभावित क्षेत्रों, आवश्यक सेवाओं तथा राहत-बचाव की तैयारियों की जानकारी लेते हुए किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने प्रभारी मंत्री को जनपद में मानसून के दौरान हुई क्षति एवं संचालित राहत कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानसून अवधि में 3 भवन पूर्ण रूप से और 136 आवास आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं 26 पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हुई थीं, जिनमें से अधिकांश को पुनः सुचारू कर दिया गया है। सड़क, विद्युत, संचार, पेयजल व्यवस्था के साथ जनहानि एवं पशुहानि तथा अन्य प्रभावित परिसंपत्तियों की स्थिति से भी अवगत कराया गया।
प्रभारी मंत्री ने नदी तटबंधों, बाढ़ नियंत्रण एवं सुरक्षा कार्यों, सड़क मार्गों, पेयजल-विद्युत आपूर्ति, संचार व्यवस्था, एंबुलेंस, हेलीपैड, राशन वितरण तथा चारधाम एवं कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 7 बाढ़ चौकियां सक्रिय हैं तथा आपदा की स्थिति में उपयोग के लिए 39 हेलीपैड उपलब्ध हैं। मानसून के मद्देनजर राफ्टिंग गतिविधियां तीन माह के लिए बंद हैं, जिन्हें सितंबर से पुनः शुरू किया जाएगा। दूरस्थ क्षेत्रों में खाद्यान्न की कमी न हो, इसके लिए तीन माह का राशन अग्रिम रूप से डीलरों तक पहुंचाकर वितरित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आपदा की स्थिति में त्वरित सूचना एवं समन्वय के लिए आईसीआरएस सक्रिय है। पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पशु चिकित्सकों की टीमें घर-घर जाकर जांच कर रही हैं। जनपद में 32 एंबुलेंस उपलब्ध हैं, जबकि 108 सेवा के 22 एंबुलेंस/वाहन सक्रिय हैं।
नगर निकाय क्षेत्रों में नालियों की सफाई की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। चारधाम यात्रा मार्ग पर शौचालयों की उपलब्धता और सफाई व्यवस्था की भी लगातार निगरानी की जा रही है। प्रत्येक सप्ताह फोटोग्राफ के माध्यम से इसकी समीक्षा की जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से जनपद में कोई भी राष्ट्रीय राजमार्ग बंद नहीं हुआ है। कहीं मार्ग अस्थायी रूप से बाधित होने पर संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई कर यातायात सुचारू करा रहे हैं।
प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने निर्देश दिए कि मानसून के दौरान सड़क, पेयजल, विद्युत और संचार जैसी आवश्यक सेवाएं निर्बाध बनाए रखने के साथ ही किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने, पर्याप्त मशीनरी एवं मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।
वीसी के दौरान अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, अधीक्षण अभियंता लोनिवि के.एस. नेगी, अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक कुमार, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई ब्रिजेश गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
मानसून को लेकर प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने की समीक्षा, संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।




