एनईपी-2020 उच्च शिक्षा को बनाएगी समावेशी, बहुविषयक और रोजगारोन्मुख : डॉ. गोस्वामी

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 21 अगस्त। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नई टिहरी में अखिल भारतीय शिक्षा समागम-2026 के अंतर्गत राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिवर्तनकारी प्रभाव एवं विकसित भारत @2047 के लक्ष्य में शिक्षा की भूमिका विषय पर विशेष व्याख्यान एवं मुख्य वक्तव्य का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता सुनिश्चितता कोष (IQAC) एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम हाइब्रिड मोड में हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. प्रीति कुमारी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति छात्र-छात्राओं को रोजगारपरक शिक्षा, कौशल, आत्मनिर्भरता, शोध की प्रवृत्ति, संवेदनशीलता और आत्मविश्वास से युक्त नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय परिसर, ऋषिकेश के भूगोल विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ. दिनेश चंद्र गोस्वामी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 देश की उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक समावेशी, बहुविषयक, कौशल आधारित, शोधपरक एवं रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट, बहु-प्रवेश एवं बहु-निकास व्यवस्था तथा अंतर्विषयक शिक्षा में लचीलेपन को विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप विषयों का चयन करने तथा शिक्षा को अधिक स्वतंत्रता एवं लचीलेपन के साथ आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करती है। व्याख्यान के बाद डॉ. गोस्वामी ने छात्र-छात्राओं के विभिन्न प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
प्रो. राजकुमार त्यागी ने कहा कि एनईपी-2020 के अंतर्गत उच्च शिक्षा में बहुविषयक एवं समग्र शिक्षा को विशेष महत्व दिया गया है। इससे विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुरूप विभिन्न विषयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आरती खंडूरी ने किया। NEP समिति की संयोजक डॉ. हर्षिता जोशी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उद्देश्य उच्च शिक्षण संस्थानों को केवल अध्यापन तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें अनुसंधान, नवाचार, समस्या समाधान और ज्ञान अर्जन के केंद्र के रूप में विकसित करना है।
कार्यक्रम में प्रो. डी.पी.एस. भंडारी, डॉ. रजनी गुसाईं, डॉ. डी.के. भाटिया, डॉ. स्नेहलता मौर्या, डॉ. आराधना सक्सेना, डॉ. गीता सैनी, डॉ. चंद्रावती जोशी, डॉ. मीनाक्षी टम्टा, डॉ. ऋचा पंत, डॉ. चंचल गोस्वामी, डॉ. माधुरी कोहली सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। तकनीकी सहयोग डॉ. उर्वशी कश्यप, डॉ. साक्षी शुक्ला एवं डॉ. शुभम गोस्वामी ने दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मनजीत, अंशुल, पायल, साक्षी, मीनाक्षी, मोनिका, इश्तियाक, वत्सल, रेखा, दिव्यम्म एवं जीशान सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सहयोग किया।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!