Ad image

देशभक्ति के रंग में रंगा पौड़ी, तिरंगे के साथ गूंजे भारत माता की जय के जयकारे

Govind Pundir
4 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत निकली भव्य तिरंगा यात्रा, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक किया प्रतिभाग

पौड़ी 10 अगस्त, 2026। हर घर तिरंगा अभियान-2026 को सफल बनाने तथा जन-जन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार को पौड़ी शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गयी। हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर निकले विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के उत्साह से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से शहर का वातावरण गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ डीएवी इंटर कॉलेज से हुआ। यहां से यात्रा माल रोड, बस स्टेशन होते हुए धारा रोड पहुंची और इसके बाद रामलीला मैदान पहुंचकर यात्रा का समापन हुआ। यात्रा में नगर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा लिए अनुशासन के साथ आगे बढ़ रहे विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। मार्ग में स्थानीय लोगों ने भी तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख मार्ग देशभक्ति के नारों से गूंजते रहे। विद्यार्थियों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयकारे लगाते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी से तिरंगा यात्रा का स्वरूप भव्य एवं आकर्षक नजर आया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसमें देश का गौरव, त्याग, संघर्ष और वीरता की भावना समाहित है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त करे। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा देश की एकता और अखंडता को और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन समाज को एकता के सूत्र में बांधने के साथ ही युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में हर घर तिरंगा अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है।

वहीं हर घर तिरंगा अभियान के तहत विकासखंड पाबौ में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाते हुए लोगों ने देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। लोगों ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने और घर-घर तिरंगा फहराने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, पूर्व विधायक मुकेश कोली, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श, खेल समन्वयक योगम्बर नेगी सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!