गंगा में छलांग लगाने वाली महिला को जल पुलिस ने बचाया।
सतर्कता और साहस से टली अनहोनी, परिजनों को सकुशल सौंपा।
टिहरी गढ़वाल 10 अगस्त। जानकी सेतु चौकी क्षेत्र के पूर्णानंद घाट के पास रविवार को गंगा नदी में छलांग लगाने वाली एक महिला को टिहरी पुलिस की जल पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बचा लिया। समय रहते हुए किए गए रेस्क्यू से महिला की जान बच गई।
पुलिस के अनुसार 9 अगस्त को पूर्णानंद घाट के समीप एक महिला के गंगा नदी में छलांग लगाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मौके पर तैनात जल पुलिस कर्मियों ने बिना देर किए नदी में महिला की तलाश शुरू कर दी। हेड कांस्टेबल सुभाष ध्यानी, कांस्टेबल संतोष, कांस्टेबल वीरेंद्र तथा उपनिरीक्षक पिंकी तोमर ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला को नदी से सकुशल बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद महिला को जानकी सेतु चौकी लाया गया, जहां पुलिस ने उसकी पहचान और परिजनों के संबंध में जानकारी जुटाई। तत्काल महिला के पति और भाई से संपर्क किया गया। चौकी पहुंचे परिजनों ने बताया कि महिला की तबीयत खराब थी और वह सुबह घर से निकल गई थी। काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका था। इसी बीच पुलिस से सूचना मिलने पर वे तत्काल जानकी सेतु चौकी पहुंचे।
आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने और पहचान की पुष्टि के बाद पुलिस ने महिला को उसके पति एवं भाई के सुपुर्द कर दिया। महिला के परिजनों ने टिहरी पुलिस की जल पुलिस टीम और जानकी सेतु चौकी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और साहस की सराहना करते हुए आभार जताया।
पुलिस की सतर्कता से बची जिंदगी
गंगा की तेज धाराओं के बीच पुलिस कर्मियों द्वारा दिखाई गई तत्परता और साहस ने एक अमूल्य जीवन बचा लिया। टिहरी पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था के साथ-साथ संकट में फंसे लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य कर रही है।





