12 मंडल अध्यक्ष सम्मानित, तिरंगा यात्रा से गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश
टिहरी गढ़वाल 9 अगस्त। भाजपा टिहरी गढ़वाल की मासिक बैठक रविवार को जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष उदय रावत की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, बूथ स्तर पर कार्यक्रमों की मजबूती और राष्ट्रीय अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर मंथन हुआ। बैठक के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से हनुमान चौक तक तिरंगा यात्रा निकालकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
बैठक में मुख्य वक्ता जिला सहप्रभारी रविंद्र राणा के साथ प्रदेश मंत्री एवं मन की बात के प्रदेश संयोजक नलिन भट्ट, राज्य मंत्री दायित्वधारी विनोद सुयाल तथा खेम सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। संचालन जिला महामंत्री जयेंद्र सेमवाल ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, वंदे मातरम् तथा पितृ पुरुषों एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। मन की बात कार्यक्रम को जिले के शत-प्रतिशत बूथों पर आयोजित कराने वाले 12 मंडल अध्यक्षों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इस दौरान संगठन की बूथ स्तर तक सक्रियता और जनसंपर्क बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
तिरंगा यात्रा और आगामी कार्यक्रमों पर जोर
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 9 अगस्त से शुरू हुई तिरंगा यात्रा को मंडल एवं बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने का आह्वान किया गया। साथ ही संत रविदास जी की 650वीं जयंती मंडल स्तर पर मनाने और भारत विभाजन विभीषिका दिवस के आयोजन को लेकर भी चर्चा हुई।
बैठक के समापन पर राष्ट्रगान के बाद जिला कार्यालय से हनुमान चौक तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर निकले भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष भावना डोभाल, प्रतापनगर ब्लॉक प्रमुख मनीषा पंवार, चंबा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, चंबा नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला, देवप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष ममता देवी, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष परमवीर पंवार, जिला उपाध्यक्ष रामलाल नौटियाल, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल, जिला कार्यालय प्रभारी जयेंद्र पंवार, सोशल मीडिया संयोजक रविंद्र चौहान, आईटी संयोजक जयंत शर्मा, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेंद्र थलवाल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष बलवीर राणा, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष तौफीक अहमद सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।





