Ad image

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में डीएम ने चलाया वृहद स्वच्छता अभियान, स्वयं श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026 । स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं दिव्य रूप से आयोजित किए जाने के साथ-साथ सरकारी कार्यालयों एवं उनके परिसरों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बुधवार प्रातः 8 बजे से वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी ने स्वयं स्वच्छता अभियान में जुटकर श्रमदान किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी, जागरुकता एवं सजगता का संदेश दिया।

स्वच्छता अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग, पूर्ति विभाग, श्रम विभाग, सिंचाई विभाग, उत्तराखंड वन विकास निगम, वन विभाग, दुग्ध विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्यालयों, कार्यालय परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान लंबे समय से उगी झाड़ियों की कटाई के साथ ही कार्यालय परिसरों में जमा कूड़ा-कचरा, अनुपयोगी सामग्री तथा अन्य अपशिष्ट को हटाया गया। अभियान के दौरान करीब तीन ट्रक कूड़ा-कचरा एकत्रित किया गया जिसे डम्पिंग जोन भिजवाया गया ।

जिलाधिकारी ने स्वच्छता अभियान का स्थलीय निरीक्षण करते हुए विभिन्न कार्यालय परिसरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वन विभाग एवं स्वास्थ्य कार्यालय परिसर तथा सड़क किनारे जमा मिट्टी-पत्थर के ढेर को तत्काल हटाने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसरों एवं सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की गंदगी अथवा अनावश्यक सामग्री जमा नहीं होनी चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के बाहर बंद पड़ी कैंटीन का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने अंदर बाहर मरम्मत कार्य कराने के निर्देश लोनिवि को दिए, ताकि विभागीय उपयोग में लाया जा सके। सिंचाई विभाग के कार्यालय सहित संयुक्त कार्यालयों के भवन की टपकती छत एवं भवन की मरम्मत संबंधी आवश्यक कार्यों के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही शीघ्र करने के निर्देश सम्बधितों को दिए ।

स्वच्छता अभियान के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि स्वच्छ, स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने सभी कार्मिकों से अपने-अपने कार्यालय, कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की गंदगी न फैलाने का आह्वान किया।

अभियान के उपरांत जिलाधिकारी ने विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत कार्मिकों की उपस्थिति भी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय परिसरों की स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे नियमित व्यवस्था का हिस्सा बनाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ कार्यालय परिसर से न केवल कार्य वातावरण बेहतर होता है, बल्कि आमजन के बीच भी सकारात्मक संदेश जाता है।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी, अधिशासी अभियंता सिंचाई विजय पाल, अधिशासी अधिकारी वासुदेव डंगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!