कुलपति प्रो. अंबरीश कुमार महाजन ने वाणिज्य संकाय का किया औचक निरीक्षण, शोध गतिविधियों को गति देने के निर्देश

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

ऋषिकेश, 17 अगस्त 2026। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अंबरीश कुमार महाजन ने पं. ललित मोहन शर्मा परिसर, ऋषिकेश स्थित वाणिज्य संकाय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्राध्यापकों, गेस्ट फैकल्टी एवं शोधार्थियों से परिचय प्राप्त कर उनके शैक्षणिक और शोध कार्यों की जानकारी ली।
कुलपति ने उच्च शिक्षा में गुणवत्तापूर्ण शोध को विश्वविद्यालय की प्रगति का आधार बताते हुए शोध गतिविधियों को और अधिक गति देने पर जोर दिया। उन्होंने प्रत्येक वर्ष दो शोध डिग्री समिति (आरडीसी) बैठकों के आयोजन के निर्देश देते हुए शोधार्थियों और शिक्षकों को नवाचार एवं शोध कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान वाणिज्य संकायाध्यक्ष प्रो. वी.के. श्रीवास्तव ने संकाय से संबंधित विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं से कुलपति को अवगत कराया। प्रो. महाजन ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र एवं उचित समाधान का आश्वासन दिया।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय परिवार का प्रत्येक सदस्य संस्थान की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने शिक्षकों एवं कर्मचारियों से संवाद करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याएं, सुझाव और विचार सीधे उनके समक्ष रख सकते हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय के विकास कार्यों में धन की कमी को बाधा नहीं बनने दिया जाएगा।
इस अवसर पर प्रो. वी.के. श्रीवास्तव ने कुलपति का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर सम्मान किया। निरीक्षण के दौरान परिसर निदेशक प्रो. महाबीर सिंह रावत, प्रो. वी.के. गुप्ता, प्रो. सी.एस. नेगी, प्रो. कंचन लता मिश्रा, डॉ. गौरव रावत सहित संकाय के प्राध्यापक, गेस्ट फैकल्टी, शोधार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संकाय में कुलपति के इस औचक निरीक्षण को शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध संस्कृति और आपसी संवाद को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!