कांग्रेस ने मेडिकल कॉलेज पर सरकार से मांगा स्पष्ट जवाब

Govind Pundir
4 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी में 26वें दिन भी जारी रहा धरना, पूर्व मंत्री शूरवीर सजवाण और विधायक विक्रम नेगी ने आंदोलन को दिया समर्थन

टिहरी गढ़वाल 10 सितम्बर। टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति का अनिश्चितकालीन धरना गुरुवार को 26वें दिन भी जारी रहा। एक सितंबर से शुरू हुए क्रमिक अनशन का गुरुवार को 10वां दिन रहा। धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण और प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने आंदोलन को समर्थन देते हुए मेडिकल कॉलेज के साथ ही प्रताप नगर से एक माह से लापता युवती के मामले को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए।

पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि सरकार लगातार मेडिकल कॉलेज खोलने की बात कह रही है, लेकिन धरातल पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि यदि मेडिकल कॉलेज को लेकर सरकार गंभीर और ईमानदार है तो यह स्पष्ट किया जाए कि कॉलेज के लिए स्थान का चयन कब और कहां किया गया है। उन्होंने कहा कि जनता को आश्वासन देने के बजाय सरकार को मेडिकल कॉलेज निर्माण की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने भी सरकार पर मेडिकल कॉलेज के नाम पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर आंदोलन चल रहा है, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि जनता यह जानना चाहती है कि मेडिकल कॉलेज कहां बनेगा और निर्माण की प्रक्रिया कब शुरू होगी।

विधायक नेगी ने प्रताप नगर से एक युवती के करीब एक माह से लापता होने का मामला भी उठाया। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने समय बाद भी युवती का पता नहीं लगाया जा सका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने धरना स्थल पर पहुंचकर संघर्ष समिति को समर्थन दिया। कुलदीप सिंह पंवार ने कहा कि टिहरी मेडिकल कॉलेज जनता की आवश्यकता और हक है। उन्होंने कहा कि टीएचडीसी द्वारा मेडिकल कॉलेज निर्माण का वादा किया गया था, लेकिन अब इस मामले को ठंडे बस्ते में डालने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

क्रमिक अनशन पर जीतराम भट्ट, मुशर्रफ अली, राकेश राणा, रमेश पेटवाल और मुरारी लाल खंडवाल बैठे। धरना स्थल पर पूर्व टिहरी विधानसभा प्रत्याशी नरेंद्र चंद रमोला, अम्बिका सजवाण, विजय गुनसोला, बिशन सिंह रांगड़, प्रवीण भंडारी, वीर सिंह गुनसोला, देवेंद्र नौडियाल, असद आलम, इमरान खान, मुर्तजा बेग सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय लोग मौजूद रहे।

महिला शक्ति की ओर से महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, लक्ष्मी रावत, अनीता देवी, उषा देवी, बिंदु पंवार, जगदेई देवी, सोमित्रा देवी, पूर्णी देवी, मीना देवी, वीरा देवी, सोनी देवी, मंजू देवी, शांति देवी, वीना देवी, रेनू पंवार, रीता रावत और पिंकी पंवार ने भी आंदोलन को समर्थन दिया।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!