महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने ऑनलाइन दिलाई नशामुक्ति की शपथ, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने लिया संकल्प

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

नशामुक्ति की शपथ के साथ नई टिहरी महाविद्यालय ने लिया हिमालय संरक्षण का संकल्प

टिहरी गढ़वाल 9 सितंबर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नई टिहरी में बुधवार को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत ‘एक प्रयास, नशा मुक्त हो समाज’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने ऑनलाइन माध्यम से महाविद्यालय के प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
देहरादून स्थित राजभवन परिसर के लोक भवन ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से महाविद्यालय के प्रतिभागी ऑनलाइन जुड़े। इस दौरान नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों, युवाओं को नशे से बचाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के उपायों पर चर्चा की गई। छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी ने की। एंटी-ड्रग समिति के संयोजक डॉ. जयेंद्र सजवाण के नेतृत्व में प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में हिमालय दिवस के अवसर पर हिमालय संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने हिमालय की प्राकृतिक संपदा, जैव विविधता, वन एवं जलस्रोतों के संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों के लिए हिमालयी पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी ने कहा कि नशामुक्त समाज और सुरक्षित पर्यावरण स्वस्थ एवं सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने के साथ ही पर्यावरण एवं हिमालय संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रो. राजकुमार त्यागी, प्रो. डीपीएस भंडारी, डॉ. डीएस तोपवाल, डॉ. राजपाल रावत, डॉ. पीसी पैन्यूली, डॉ. रजनी रावत, डॉ. स्नेहलता मौर्य, डॉ. डीके भाटिया, डॉ. आराधना सक्सेना, डॉ. रंजना सिंह, डॉ. बीडीएस नेगी, डॉ. कमलेश पांडेय सहित समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, छात्र संघ के सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन नशामुक्त समाज और संरक्षित हिमालय के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!