विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की बैठक आयोजित

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 01 सितंबर 2026 । जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने अभियान के तहत प्राप्त प्रपत्रों एवं अब तक की प्रगति की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक फॉर्म-6 के कुल 4,229 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें घनसाली विधानसभा से 1,329, देवप्रयाग से 469, नरेंद्रनगर से 763, प्रतापनगर से 490, टिहरी से 753 तथा धनौल्टी से 425 आवेदन प्राप्त हुए हैं। फॉर्म-6 नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए होता है। सर्वाधिक आवेदन घनसाली विधानसभा क्षेत्र से प्राप्त हुए हैं।

इसी प्रकार फॉर्म-7 के कुल 867 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें घनसाली से 42, देवप्रयाग से 34, नरेंद्रनगर से 387, प्रतापनगर से 148, टिहरी से 106 तथा धनौल्टी से 150 आवेदन शामिल हैं। फॉर्म-7 मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए प्रस्तुत किया जाता है।

फॉर्म-8 के कुल 1,891 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें घनसाली से 286, देवप्रयाग से 289, नरेंद्रनगर से 457, प्रतापनगर से 173, टिहरी से 380 तथा धनौल्टी से 306 आवेदन प्राप्त हुए हैं। फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता के नाम, पता, फोटो आदि में संशोधन किया जाता है।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत अब तक सभी चरणों का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया जा चुका है तथा 15 सितंबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इस पर बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सहमति व्यक्त की।

बैठक में भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र प्रसाद डोभाल, इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रतिनिधि व युवा कांग्रेस के सदस्य नवीन सेमवाल, महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा रावत तथा पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सीमा कृषाली, एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी जवाहर सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!