टिहरी गढ़वाल, 22 जून, 2026 । जिलाधिकारी ने आज आरवीएनएल (RVNL) एवं रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में संचालित रेल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान अधिकारियों ने अवगत कराया कि रेल टनल निर्माण कार्य के कारण छह गांवों के कुछ मकानों में दरारें आने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इस संबंध में विभाग द्वारा सर्वेक्षण कर क्षति का आकलन (डैमेज असेसमेंट) कराया गया है। आकलन के उपरांत एक गांव के प्रभावित परिवारों को मुआवजा प्रदान किया जा चुका है, जबकि शेष मामलों में प्रक्रिया गतिमान है।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि शिवपुरी-व्यासी रेल टनल का ब्रेकथ्रू सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है, जबकि ढालवाला-शिवपुरी खंड में टनल निर्माण कार्य प्रगति पर है। आरवीएनएल के डीजीएम भूपेंद्र सिंह ने बताया कि परियोजना से संबंधित सभी टेंडर आवंटित किए जा चुके हैं तथा कार्यदायी एजेंसियां विभिन्न स्थलों पर निर्माण कार्य में जुटी हुई हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि रेल परियोजना को वर्ष 2028 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके लिए विभाग द्वारा युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस बैठक में एसडीएम कीर्तिनगर पंकज भट्ट, एसएलओ नीलू चावला, आरवीएनएल से मैनेजर विनोद बिष्ट, भू–वैज्ञानिक रवि सहित आदि संबंधित उपस्थित रहे।




