टिहरी गढ़वाल 19 सितम्बर। ग्राम सभा झल्ड के क्रिकेट मैदान में ढोल वादकों के सम्मान और गढ़वाल की लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ढोल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन जर्मनी निवासी एवं ग्राम झाल्ड के मूल निवासी राकेश पंवार की ओर से किया गया। इसमें टिहरी, पौड़ी समेत गढ़वाल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ढोल वादकों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में कुल 11 टीमों ने अपनी ढोल वादन कला का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने पारंपरिक ढोल वादन के माध्यम से गढ़वाल की समृद्ध लोक सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में पंडित शास्त्री आदित्य सेमल्टी, सच्चिदानंद सेमल्टी तथा गढ़वाल विश्वविद्यालय से ढोल सागर में डॉक्टरेट प्राप्त डॉ. सोहन लाल शामिल रहे।
प्रतियोगिता में सुरकंडा माता के रुकम दास ने प्रथम, चाका लसेर के मुन्ना दास ने द्वितीय तथा पौड़ी गढ़वाल के सोहन लाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में देवप्रयाग के विनोद बिष्ट, जनता इंटर कॉलेज के प्रबंधक सतीश पंवार, ग्राम प्रधान कुसुम पंवार, संजय पंवार सहित ग्राम सभा की मातृ शक्ति और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
आयोजक राकेश पंवार ने कहा कि अपनी जन्मभूमि और लोक संस्कृति से जुड़े रहने के साथ ही नई पीढ़ी को गढ़वाल की पारंपरिक ढोल वादन कला से जोड़ना इस आयोजन का उद्देश्य है। विदेश में रहने के बावजूद अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े पंवार के इस प्रयास की ग्रामीणों ने सराहना की।




