करियर काउंसलिंग सेमिनार में 600 से अधिक विद्यार्थियों को मिले सफलता के मंत्र

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

सेना, मेडिकल, पुलिस, बैंकिंग, होटल मैनेजमेंट व शिक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञों ने दी उपयोगी जानकारी

टिहरी गढ़वाल 25 सितंबर। जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल की पहल पर नगर पालिका परिषद नई टिहरी में एक दिवसीय करियर काउंसलिंग सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के 600 से अधिक छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
सेमिनार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित काउंसलिंग टीम और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सेना, मेडिकल, पुलिस, होटल मैनेजमेंट, बैंकिंग, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करने की सलाह दी। साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास, प्रशिक्षण और तैयारी की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया गया।
सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न करियर विकल्पों से जुड़े सवाल विशेषज्ञों के समक्ष रखे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल एवं व्यावहारिक तरीके से जवाब दिया। इससे विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुरूप उपलब्ध विकल्पों को समझने में मदद मिली।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों को सही समय पर उचित करियर मार्गदर्शन मिलना बेहद महत्वपूर्ण है। प्रत्येक विद्यार्थी की रुचि और क्षमता अलग होती है, इसलिए करियर का चुनाव किसी दबाव में नहीं, बल्कि अपनी योग्यता और रुचि को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देने के साथ ही उनके भविष्य की दिशा तय करने में सहायक साबित होते हैं।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!