टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड, टिहरी में राजभाषा हिन्दी को बढ़ावा देने के उपलक्ष्य में हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन

Govind Pundir
4 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 25 सितंबर। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड, टिहरी परियोजना द्वारा राजभाषा हिन्दी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिनांक 23.09.2026 को टिहरी एवं कोटेश्वर परियोजनाओं में कार्यरत कार्मिकों हेतु बहुउद्देशीय भवन, भागीरथीपुरम, टिहरी में हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कवि सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) डॉ. आर.आर. सेमवाल, श्रीमती निधि सेमवाल, महाप्रबंधक (पुनर्वास समन्वय) श्री विजय सहगल, महाप्रबंधक (पी.एस.पी.) श्री एस.के. साहू, श्रीमती सस्मिता साहू, महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) श्री ए.पी.बाजपेई, महाप्रबंधक (पी.एस.डी.) श्री संजय महर, उपमहाप्रबंधक (मा.सं.एवं प्रशा.) श्री मोहन सिंह श्रीस्वाल एवं उपस्थित कवियों श्री अनिल अग्रवंशी, श्री संदीप भोला, श्री उपेन्द्र पांडेय, श्री मोहन मुतंजिर, श्रीमती कल्पना शुक्ला द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) डॉ.आर.आर. सेमवाल ने अपने संबोधन में कहा कि राजभाषा हिन्दी को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हिन्दी हमारे दैनिक जीवन एवं कार्य-संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हिन्दी भाषा के प्रति रुचि एवं अपनत्व की भावना को बढ़ावा मिलता है। साथ ही, कवि सम्मेलनों के माध्यम से कार्मिकों को मनोरंजन के साथ-साथ कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरणा भी प्राप्त होती है। उन्होंने सभी आमंत्रित कवियों का कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया तथा राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार हेतु भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान आमंत्रित ख्याति प्राप्त कवियों द्वारा हास्य, व्यंग्य एवं अन्य विभिन्न रसों से ओत-प्रोत रचनाओं की शानदार प्रस्तुतियाँ दी गईं। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया तथा सामाजिक एवं समसामयिक विषयों को सहज एवं रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। कवि सम्मेलन के दौरान सभागार में उपस्थित श्रोताओं ने कवियों की प्रस्तुतियों का आनंद लेते हुए तालियों एवं हंसी-खुशी के साथ उत्साहवर्धन किया। कवि सम्मेलन में आमंत्रित ख्याति प्राप्त कवियों ने अपनी हास्य एवं व्यंग्यपूर्ण प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा सभागार में हास्य एवं उल्लास का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपमहाप्रबंध (मा.सं.एवं प्रशा.) श्री मोहन सिंह श्रीस्वाल द्वारा मुख्य अतिथि, आमंत्रित कवियों, उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा सभी श्रोताओं का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कवि सम्मेलन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम का सफल आयोजन राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार एवं कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्मिकों, कवियों एवं श्रोताओं ने विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद लिया।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक (नियोजन) श्री विपिन सकलानी, अपर महाप्रबंधक (यांत्रिक) श्री संजय पंवार, प्रबंधक (जनसम्पर्क) श्री मनबीर सिंह नेगी, प्रबंधक (मा.सं.एवं प्रशा.) श्री दीपक उनियाल, प्रबंधक (मा.सं.एवं प्रशा.) श्री जे.पी.बिज्लवान, सहायक प्रबंधक (हिंदी) कुमारी बानी शुक्ला, सहायक अधिकारी (हिंदी) श्रीमती नीरज सिंह सहित टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड, टिहरी एवं कोटेश्वर परियोजनाओं में कार्यरत अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!